हरक सिंह रावत पर महिला ने लगाए दुष्कर्म के गंभीर आरोप, DGP को दी शिकायत; 23 वर्षीय बेटे की DNA जांच की मांग
उत्तराखंड की राजनीति से इस वक्त एक बड़ी खबर सामने आ रही है। पूर्व कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरक सिंह रावत पर एक महिला ने गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला ने उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक (DGP) को लिखित शिकायत सौंपकर मामले की जांच कराने की मांग की है।
महिला का आरोप है कि वर्ष 2003 में जब वह छात्रा थी, उस दौरान हरक सिंह रावत ने उसके साथ दुष्कर्म किया था। इतना ही नहीं, महिला ने दावा किया है कि उसका 23 वर्षीय बेटा हरक सिंह रावत का जैविक पुत्र है। इसी दावे की सच्चाई सामने लाने के लिए महिला ने डीएनए जांच कराने की मांग उठाई है।
शिकायत में महिला ने आरोप लगाया है कि वर्ष 2003 में सामने आए इस कथित मामले को उस समय राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल कर दबा दिया गया था। महिला का कहना है कि कांग्रेस में प्रभावशाली पद पर रहे हरक सिंह रावत के राजनीतिक रसूख के चलते उस वक्त मामले को आगे नहीं बढ़ने दिया गया।
फिलहाल महिला की ओर से लगाए गए इन गंभीर आरोपों और डीएनए जांच की मांग के बाद मामला चर्चा में है। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और पुलिस जांच की स्थिति सामने आना बाकी है।










