गंगनानी हादसा: भागीरथी नदी में लापता दो महिलाओं का दूसरे दिन भी नहीं मिला सुराग, ड्रोन से तलाश जारी
उत्तराखंड के उत्तरकाशी में गंगनानी के पास भागीरथी नदी में समाई इनोवा कार हादसे में लापता दो महिलाओं का दूसरे दिन भी कोई सुराग नहीं लग पाया है। शुक्रवार को जिला प्रशासन ने महिलाओं की तलाश के लिए दिनभर सर्च ऑपरेशन चलाया। पुलिस, राजस्व विभाग, एनडीआरएफ और आपदा प्रबंधन की टीमें घटनास्थल सहित नदी के आसपास के क्षेत्रों में लगातार खोजबीन कर रही हैं। वहीं, तलाश अभियान में ड्रोन की भी मदद ली जा रही है।
दरअसल, बृहस्पतिवार सुबह करीब छह बजे गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी से डबराणी की ओर जा रही गुजरात के यात्रियों से भरी एक इनोवा कार अचानक अनियंत्रित होकर भागीरथी नदी में जा समाई थी। हादसे के वक्त वाहन में चालक समेत कुल सात लोग सवार थे।
दुर्घटना के बाद तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया, जिसमें अब तक चार लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। वहीं, एक गंभीर घायल व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालकर हेलिकॉप्टर के माध्यम से एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया था।
हालांकि, हादसे के बाद से ही दो महिलाएं लापता हैं। दूसरे दिन भी प्रशासन की क्विक रिस्पांस टीम, पुलिस, राजस्व विभाग और एनडीआरएफ के जवान नदी के आसपास लगातार सर्च अभियान चला रहे हैं। फिलहाल दोनों महिलाओं की तलाश जारी है।











