धारचूला में दर्दनाक हादसा! बाइक से गिरकर सेना के वाहन की चपेट में आया मासूम ईश्वर, मौके पर मौत; 5 साल से अधूरे सड़क चौड़ीकरण कार्य पर उठे सवाल!
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के धारचूला से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां फुलतड़ी के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में मासूम बच्चे की जान चली गई। बच्चा अपने ताऊ के साथ बाइक पर सवार होकर जा रहा था, तभी अचानक वह बाइक से नीचे गिर गया और सेना के वाहन की चपेट में आ गया। हादसे में मासूम की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान ईश्वर सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ईश्वर अपने ताऊ कविंद्र सिंह के साथ धारचूला से बाल कटवाकर कालिका की ओर जा रहा था। इसी दौरान फुलतड़ी के पास अचानक वह बाइक से छिटककर सड़क पर गिर गया। तभी वहां से गुजर रहे सेना के वाहन की चपेट में आने से उसकी जान चली गई।
हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी की। थाना प्रभारी वरिष्ठ उप निरीक्षक अंबि राम आर्य ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, मामले में तहरीर मिलने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।
लेकिन इस दर्दनाक हादसे के बाद एक बार फिर धारचूला-तवाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की खराब हालत के कारण इस मार्ग पर आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। फुलतड़ी के आसपास भी पहले कई लोग चोटिल हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद सड़क की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो पाया है।
बताया जा रहा है कि बीआरओ की ओर से विन्यागांव बलुवाकोट से तवाघाट तक करीब 35 किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण कार्य पिछले पांच वर्षों से चल रहा है। लंबे समय से जारी इस काम के चलते फुलतड़ी और ग्वालगांव समेत कई स्थानों पर सड़क की हालत खराब बनी हुई है।
अब सवाल यह है कि आखिर सड़क चौड़ीकरण का काम कब पूरा होगा? कब तक लोग इन खस्ताहाल सड़कों पर जोखिम उठाकर सफर करते रहेंगे?
एक मासूम की मौत ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और निर्माण कार्यों की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।










