कोटद्वार के किशनपुरी में मकान में लगी भीषण आग! मां-बेटी झुलसीं, पुलिस ने वाहन से पहुंचाया अस्पताल
उत्तराखंड के कोटद्वार के कलालघाटी क्षेत्र से एक हादसे की खबर सामने आई है। किशनपुरी में शुक्रवार सुबह एक मकान में अचानक आग लगने से मां-बेटी घायल हो गईं। घर से धुआं उठता देख आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कलालघाटी चौकी प्रभारी राजा राम डोभाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बिना देर किए 26 वर्षीय अनु डबराल और उनकी मां नीता डबराल को अपने वाहन से कोटद्वार के बेस अस्पताल पहुंचाया, जहां दोनों का उपचार किया गया।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह करीब साढ़े छह बजे यह घटना हुई। इसी दौरान अग्निशमन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। गौरतलब है कि अनु अपने पिता कमलेश्वर प्रसाद डबराल के निधन के बाद मां के साथ घर में रहती हैं।
समय रहते पुलिस की तत्परता से दोनों महिलाओं को अस्पताल पहुंचाया जा सका। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।










