उत्तराखंड में जरूरतमंद बच्चों को हर महीने मिलेंगे 3 हजार रुपये! 1 दिसंबर से शुरू हो सकती है मुख्यमंत्री बाल सानिध्य योजना
उत्तराखंड में जरूरतमंद बच्चों के लिए राहत भरी खबर है। प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री बाल सानिध्य योजना शुरू करने की तैयारी कर रही है। प्रस्तावित योजना को एक दिसंबर से लागू किया जा सकता है। इसके तहत पात्र बच्चों को हर महीने 3 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। अनुमान है कि प्रदेश के करीब 6 हजार बच्चों को इसका लाभ मिलेगा।
दरअसल, केंद्र सरकार की स्पॉन्सरशिप योजना के तहत जरूरतमंद बच्चों को हर महीने 4 हजार रुपये दिए जाते हैं, लेकिन केंद्र की ओर से लाभार्थियों की संख्या सीमित किए जाने के कारण प्रदेश के कई बच्चे इस सहायता से वंचित रह गए हैं।
इसी को देखते हुए राज्य सरकार ने अपनी अलग योजना शुरू करने की पहल की है।
महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग ने इसका प्रस्ताव तैयार कर लिया है, जिसे जल्द ही कैबिनेट की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा।
विभाग के निदेशक बीएल राणा के अनुसार, पिछले साल तक केंद्र की योजना के तहत प्रदेश में 2600 बच्चों को लाभ मिल रहा था। राज्य सरकार ने यह संख्या बढ़ाकर 4 हजार करने का प्रस्ताव भेजा था, लेकिन केंद्र ने इसे घटाकर 1631 कर दिया।
ऐसे में अब राज्य सरकार की इस नई पहल से उन जरूरतमंद बच्चों को आर्थिक सहायता मिलने की उम्मीद है, जो केंद्र की योजना के दायरे में नहीं आ पा रहे हैं।










