IIT रुड़की के हॉस्टल में छात्र की मौत से मचा हड़कंप! गोविंद भवन के कमरे में मिला शव, पुलिस जांच में जुटी
उत्तराखंड के रुड़की स्थित आईआईटी में एक दुखद घटना सामने आई है। संस्थान के गोविंद भवन हॉस्टल में शुक्रवार देर रात एक छात्र की मौत हो गई। छात्र का शव हॉस्टल के दूसरे तल पर स्थित कमरे में मिला, जिसके बाद परिसर में हड़कंप मच गया।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात करीब एक बजे आईआईटी के सुरक्षा अधिकारी कुलदीप सिंह नेगी ने कोतवाली पुलिस को घटना की सूचना दी। जानकारी मिलते ही कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
हॉस्टल के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी प्रयास के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो सुरक्षा गार्डों की मदद से दरवाजा खुलवाया गया। अंदर छात्र मृत अवस्था में मिला।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल रुड़की भेज दिया है। साथ ही घटना की सूचना छात्र के परिजनों को भी दे दी गई है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।











