वन विभाग के ऑफिस में रिश्वतखोरी का वीडियो वायरल! 7 हजार रुपये लेने के बाद बड़े बाबू ने मांगे 200 रुपये और, SDO ने दिए जांच के आदेश, विभाग में मचा हड़कंप
उत्तराखंड में भ्रष्टाचार का एक और मामला सामने आया है। इस बार वन विभाग के कार्यालय में बड़े बाबू का काम के बदले पैसे लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है।
मामला हरिद्वार के रुड़की का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में वन विभाग का प्रधान सहायक एक व्यक्ति से नकदी लेते हुए दिखाई दे रहा है। हैरानी की बात यह है कि पैसे लेने के बाद भी कर्मचारी रकम कम होने की बात कहता नजर आ रहा है।
वीडियो में कर्मचारी व्यक्ति से पूछता है कि कितने पैसे लाए हो? इस पर व्यक्ति सात हजार रुपये बताता है। इसके बाद कर्मचारी 7200 रुपये का हवाला देते हुए 200 रुपये और देने की बात कहता है। बातचीत के दौरान बॉटल का जिक्र भी सुनाई देता है।
इतना ही नहीं, वायरल वीडियो में कर्मचारी अलग-अलग स्थानों पर लोगों से पैसे लेते हुए भी दिखाई दे रहा है। हालांकि, यह रकम किस काम के बदले ली जा रही थी और पूरे लेनदेन के पीछे असली वजह क्या थी, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग के अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया है। रुड़की के उप प्रभागीय वनाधिकारी यानी SDO ज्वाला प्रसाद गौड़ ने बताया कि वीडियो उनके संज्ञान में आया है और संबंधित प्रधान सहायक के खिलाफ विभागीय स्तर पर जांच शुरू कर दी गई है।
अब सवाल यह है कि सरकारी कार्यालय में खुलेआम पैसों के इस कथित लेनदेन के पीछे आखिर पूरा मामला क्या है? जांच में क्या सच्चाई सामने आती है, इस पर सबकी नजरें टिकी हैं।










