गनर बदलने पर भड़के विधायक हरीश धामी! हत्या की आशंका जताकर राज्यपाल को लिखा पत्र, बोले- मेरी सुरक्षा से खिलवाड़ की जिम्मेदारी सरकार की होगी
उत्तराखंड की राजनीति में एक बार फिर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। पिथौरागढ़ के धारचूला से विधायक हरीश धामी अपने सुरक्षा गनर को बदले जाने से भड़क गए हैं। मामला इतना गंभीर हो गया है कि विधायक ने अपनी हत्या की आशंका जताते हुए सीधे राज्यपाल को पत्र लिख दिया है।
दरअसल, जौलजीबी मेले में हुए विवाद के बीच विधायक हरीश धामी की सुरक्षा में तैनात गनर को बदल दिया गया। इस फैसले पर सवाल उठाते हुए उन्होंने राज्यपाल के साथ पुलिस महानिदेशक, आईजी कुमाऊं और एसपी पिथौरागढ़ को भी पत्र भेजा है।
विधायक का आरोप है कि उनसे बिना पूछे उनका पुराना गनर बदल दिया गया। उन्होंने आशंका जताई है कि नए गनर की तैनाती के जरिए उनकी हर गतिविधि और लोकेशन पर नजर रखी जा सकती है। इतना ही नहीं, उन्होंने अपनी हत्या की साजिश की आशंका भी जाहिर की है।
हरीश धामी ने साफ कहा है कि उन्हें नया गनर नहीं चाहिए और उनकी सुरक्षा में पहले तैनात गनर को ही वापस लगाया जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनके साथ कोई अनहोनी होती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी मुख्यमंत्री और सरकार की होगी।
वहीं, इस मामले पर आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती का कहना है कि गनर का काम सुरक्षा प्रदान करना है। विधायक की ओर से लिखा गया पत्र अभी उनके पास नहीं पहुंचा है। पत्र मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, विधायक के इन गंभीर आरोपों के बाद उत्तराखंड की सियासत में हलचल तेज हो गई है। अब देखना होगा कि सरकार और पुलिस प्रशासन इस पूरे मामले पर क्या कदम उठाते हैं।










