बेटी की शादी से पहले सड़क सुधारने खुद बेलचा लेकर उतरा पिता, 30 नवंबर को आनी है बरात; सिस्टम की खुली पोल
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में देखिए एक पिता की ऐसी मजबूरी सामने आई है, जिसे सुनकर आप भी सोचने पर मजबूर हो जाएंगे। घर में बेटी की शादी है, 30 नवंबर को बरात आने वाली है, लेकिन पिता को शादी की तैयारियों से ज्यादा चिंता इस बात की सता रही है कि आखिर बरात गांव तक पहुंचेगी कैसे?
जी हां, मूनाकोट ब्लॉक के गुरुमतोली गांव के रहने वाले गोविंद जोशी की बेटी की शादी होने जा रही है। घर में शादी की रस्में चल रही हैं, लेकिन गांव तक पहुंचने वाली सड़क की हालत इतनी खराब है कि वाहनों से आवाजाही करना भी जोखिम भरा है। ऐसे में गोविंद जोशी ने प्रशासन और विभागों का इंतजार करने के बजाय खुद ही बेलचा उठा लिया और सड़क के गड्ढे भरने निकल पड़े।
दरअसल, क्वीतड़-जमतड़ी सड़क करीब 12 साल पहले बनाई गई थी। लोक निर्माण विभाग ने 10 किलोमीटर सड़क की कटिंग कर गांव तक रास्ता तो पहुंचा दिया, लेकिन आज तक डामरीकरण नहीं हुआ। आपदा में सड़क क्षतिग्रस्त होने के बाद भी इसकी मरम्मत नहीं कराई गई। इस सड़क से गुरुमतोली समेत आसपास के पांच अन्य गांवों की करीब पांच हजार आबादी जुड़ी हुई है।
हैरानी की बात तो यह है कि ग्रामीण कई बार सड़क सुधारने की मांग कर चुके हैं। यहां तक कि सड़क की बदहाली से नाराज लोगों ने पिछले विधानसभा चुनाव में मतदान का बहिष्कार तक किया था, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।
इधर, गोविंद जोशी के घर में शुक्रवार को गणेश पूजा का कार्यक्रम था। पूजा के बाद उन्होंने परिवार के लोगों को घर की तैयारियों की जिम्मेदारी सौंपी और खुद ग्रामीणों के साथ सड़क सुधारने में जुट गए। कहीं मिट्टी से गड्ढे भरे गए तो कहीं रास्ते से पत्थर हटाए गए, ताकि 30 नवंबर को आने वाले बरातियों को परेशानी न हो और उनके वाहन रास्ते में न फंसें।
ग्रामीणों का कहना है कि एक पिता को अपनी बेटी की शादी के दिन भी सड़क सुधारने के लिए मजदूर बनना पड़े, तो यह व्यवस्था पर बड़ा सवाल है।
वहीं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सड़क के सुधारीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। मंजूरी मिलने के बाद काम करवाया जाएगा।
अब सवाल यही है कि जब 12 साल में सड़क की हालत नहीं सुधर पाई, तो क्या बेटी की शादी से पहले भी इस पिता को खुद ही रास्ता ठीक करना पड़ेगा?










