हरबर्टपुर में आधी रात कार मैकेनिक की दुकान में लगी भीषण आग! लाखों का सामान जलकर राख, बाहर खड़ी क्रेन भी चपेट में आई
उत्तराखंड के हरबर्टपुर में आधी रात को आग लगने की घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पांवटा रोड स्थित एक कार मैकेनिक की दुकान में अचानक आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। इतना ही नहीं, दुकान के बाहर खड़ी एक क्रेन भी आग की चपेट में आ गई और जल गई।
जानकारी के मुताबिक, घटना रात करीब दो बजे की है। दुकान में अचानक आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। इसके साथ ही फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर आग बुझाने में जुट गई। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
हालांकि, तब तक दुकान के अंदर रखा सामान पूरी तरह जल चुका था और बाहर खड़ी क्रेन को भी भारी नुकसान पहुंचा।
फिलहाल इस आगजनी की घटना से दुकान मालिक को भारी नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों और कुल नुकसान का आकलन किया जाना बाकी है।










