देहरादून लिटरेचर फेस्टिवल में राज बब्बर से लेकर विशाल भारद्वाज तक जुटीं नामचीन हस्तियां, साहित्य और संगीत का दिखा संगम
देहरादून: देहरादून लिटरेचर फेस्टिवल (DDLF) के दूसरे दिन साहित्य, सिनेमा, संगीत और सामाजिक सरोकारों का शानदार संगम देखने को मिला। दून इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित इस महोत्सव में अभिनेता राज बब्बर, जूही बब्बर, रत्ना पाठक शाह, विशाल भारद्वाज, सयानी गुप्ता, अनूप सोनी और गायिका रेखा भारद्वाज समेत कई जानी-मानी हस्तियों ने शिरकत की। अलग-अलग सत्रों में कलाकारों ने अपने जीवन के अनुभव, संघर्ष और रचनात्मक सफर को साझा किया।
महोत्सव की शुरुआत ‘द लेगेसी ऑफ द बब्बर्स’ सत्र से हुई, जिसमें राज बब्बर और उनकी बेटी जूही बब्बर ने अपने पारिवारिक और कलात्मक सफर पर खुलकर बात की। जूही ने बताया कि कलाकारों के परिवार में पले-बढ़े होने के कारण उनसे कई उम्मीदें थीं। उन्होंने अपनी मां नादिरा को रंगमंच से परिचित कराने और शुरुआती सफर में सहयोग देने का श्रेय दिया।
वहीं, राज बब्बर ने नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा के दिनों और रंगमंच के दिग्गज इब्राहिम अल्काजी से मिले मार्गदर्शन को याद किया। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता और असफलता दोनों आती हैं, लेकिन इंसान को कभी हार नहीं माननी चाहिए। अपनी मेहनत से ऐसी पहचान बनानी चाहिए, जिससे माता-पिता को गर्व हो और आने वाली पीढ़ी भी प्रेरित हो।
राज बब्बर ने कहा कि उन्होंने जिंदगी में जीत, हार और निराशाएं सब देखी हैं, लेकिन कभी हार नहीं मानी। आज उनके लिए अपनी उपलब्धियों से ज्यादा यह मायने रखता है कि उनके बच्चे जीवन में क्या कर रहे हैं और क्या हासिल कर रहे हैं।
इसके बाद ‘विट, ट्रुथ एंड द आर्ट ऑफ लुकिंग क्लोजली’ सत्र में लेखक और पत्रकार मनु जोसेफ ने ज्योत्सना शर्मा के साथ संवाद किया। इस दौरान लेखन में अवलोकन, व्यंग्य और व्याख्या की अहमियत पर चर्चा हुई। मनु जोसेफ ने कहा कि एक अच्छे लेखक के लिए दूसरों की परिस्थितियों और अनुभवों को समझने की क्षमता बेहद जरूरी है। अपने आसपास की दुनिया को करीब से देखना और समझना ही लेखकों को गहरे सच सामने लाने में मदद करता है।
अब देहरादून लिटरेचर फेस्टिवल का अंतिम दिन भी खास रहने वाला है। 29 नवंबर को शबाना आजमी, संध्या मृदुल और शालिनी पासी समेत कई हस्तियां अलग-अलग सत्रों में शामिल होंगी। वहीं, विशाल भारद्वाज और रेखा भारद्वाज की विशेष संगीत प्रस्तुति के साथ इस तीन दिवसीय साहित्यिक महोत्सव का समापन होगा।










