बदरीनाथ धाम में शीतकालीन बंद हुए आदि केदारेश्वर और शंकराचार्य मंदिर के कपाट, 16 नवंबर को रात 9:37 बजे बंद होंगे भगवान बदरीविशाल के कपाट
उत्तराखंड के प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम में शीतकालीन कपाट बंद होने की धार्मिक प्रक्रिया जारी है। पंच पूजाओं के दूसरे दिन शुक्रवार को आदि केदारेश्वर मंदिर और आदि गुरु शंकराचार्य मंदिर के कपाट विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए।
दोपहर 2:15 बजे बदरीनाथ धाम के रावल अमरनाथ नंबूदरी ने आदि केदारेश्वर भगवान की पूजा-अर्चना कर पके चावलों का भोग लगाया। आरती के बाद मंदिर के कपाट बंद किए गए। वहीं, दोपहर 2:30 बजे पूजा-अर्चना के बाद आदि गुरु शंकराचार्य मंदिर के कपाट भी बंद कर दिए गए।
अब 14 नवंबर को खड़ग पुस्तक पूजा के साथ वेद ऋचाओं का वाचन बंद होगा, जबकि 15 नवंबर को माता लक्ष्मी को भगवान बदरीविशाल के मंदिर में विराजमान होने का निमंत्रण दिया जाएगा।
इसके बाद सोमवार, 16 नवंबर को रात 9 बजकर 37 मिनट पर भगवान बदरीविशाल के कपाट भी शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे।
बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी सहित अन्य पदाधिकारियों ने इस धार्मिक अवसर पर देश-विदेश के श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दी हैं।











