चमोली में बड़ा हेलीकॉप्टर हादसा! बद्रीनाथ से देहरादून जा रहा हेलीकॉप्टर लापता, पायलट समेत 6 लोग थे सवार, खराब मौसम के बीच टूटा संपर्क
उत्तराखंड के चमोली जिले में शुक्रवार को एक बड़ा हेलीकॉप्टर हादसा सामने आया है। छई गांव के पास बद्रीनाथ धाम से देहरादून जा रहा एक हेलीकॉप्टर अचानक लापता हो गया। हेलीकॉप्टर में पायलट समेत कुल 6 लोग सवार थे, जिनमें 5 श्रद्धालु शामिल थे। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग में हड़कंप मच गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि खराब मौसम के बीच हेलीकॉप्टर का संपर्क टूट गया था। उन्होंने कहा कि वह पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और एसडीआरएफ की टीमें संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं।
चमोली के जिला सूचना अधिकारी धीरज कर्की के अनुसार, हेलीकॉप्टर बद्रीनाथ धाम से पांच श्रद्धालुओं को लेकर देहरादून के लिए रवाना हुआ था। उड़ान के दौरान जोशीमठ घाटी के ऊपर अचानक हेलीकॉप्टर से संपर्क टूट गया। इसके बाद ट्रैकिंग सिस्टम पर भी उसकी लोकेशन दिखनी बंद हो गई।
वहीं, उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) के अनुसार, ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का हेलीकॉप्टर VT-HCX शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजकर 14 मिनट पर बद्रीनाथ से देहरादून के सहस्त्रधारा के लिए रवाना हुआ था। हालांकि, शुरुआती जानकारी में उड़ान का समय दोपहर 1 बजकर 12 मिनट भी बताया गया है।
फिलहाल प्रशासन की टीमें पूरे क्षेत्र में अभियान चला रही हैं और हादसे से जुड़ी आगे की जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।










