दलेर मेहंदी के समर्थन में उतरे मीका सिंह, बोले—भाई ने कभी शराब पी हो तो छोड़ दूंगा गाना!
उत्तराखंड के नरेंद्रनगर में मां कुंजापुरी मेले के दौरान पंजाबी गायक दलेर मेहंदी की प्रस्तुति को लेकर शुरू हुआ विवाद अब मनोरंजन जगत तक पहुंच गया है। मंच पर दलेर मेहंदी की प्रस्तुति और कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल की नाराजगी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला लगातार चर्चा में है। अब पंजाबी गायक मीका सिंह ने अपने बड़े भाई दलेर मेहंदी का खुलकर समर्थन किया है।
दरअसल, मीका सिंह ने इंस्टाग्राम पर वीडियो साझा करते हुए कहा कि अगर कोई यह साबित कर दे कि 59 वर्षीय दलेर मेहंदी ने कभी शराब पी है, तो वह गाना छोड़ देंगे। मीका ने कहा कि उन्होंने अपने बड़े भाई को लेकर ऐसी खबरें देखी हैं, जिनमें दावा किया जा रहा है कि दलेर मेहंदी मंच पर गाते समय नशे में थे और ठीक से गा नहीं पा रहे थे।
मीका सिंह ने उठाए सवाल
मीका सिंह ने सवाल किया कि क्या किसी ने कभी दलेर मेहंदी के हाथ में शराब का गिलास देखा है? क्या उनकी जन्मदिन की पार्टियों में शराब परोसे जाते हुए किसी ने देखा है? उन्होंने स्पष्ट किया कि वह अपने बड़े भाई की बात कर रहे हैं, अपनी नहीं। मीका के मुताबिक, लोग उनके बारे में कुछ भी कह सकते हैं, लेकिन दलेर मेहंदी के बारे में ऐसी बातें कहने से पहले तथ्यों को देखना चाहिए।
मीका ने यह भी कहा कि अगर दलेर मेहंदी उस समय ठीक से नहीं गा पा रहे थे, तो इसकी वजह उनकी तबीयत खराब होना भी हो सकती है।
मंत्री सुबोध उनियाल से भी हुई बातचीत
इस विवाद के बीच मीका सिंह ने कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल से भी बातचीत की। जानकारी के अनुसार, मंगलवार को हुई इस बातचीत में मंच पर हुए घटनाक्रम का जिक्र हुआ। बताया गया कि मंत्री ने मीका सिंह से भी मंच की मर्यादा बनाए रखने की जरूरत पर बात की।
गौरतलब है कि मंच पर दलेर मेहंदी के लड़खड़ाने और लिप-सिंक करने के आरोपों के बीच मंत्री सुबोध उनियाल की ओर से उन्हें डांटे जाने का वीडियो सामने आया था। इसके बाद गायक मीका सिंह के अलावा रैपर बादशाह, कॉमेडियन कपिल शर्मा और अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी समेत कई कलाकारों ने दलेर मेहंदी के समर्थन में अपनी प्रतिक्रिया दी।
अब मां कुंजापुरी मेले में शुरू हुआ यह विवाद सोशल मीडिया से लेकर मनोरंजन जगत तक चर्चा का विषय बना हुआ है। सवाल यह है कि मंच पर हुए घटनाक्रम को लेकर उठे विवाद पर आगे क्या प्रतिक्रिया सामने आती है?








