देहरादून चिड़ियाघर में आया उत्तराखंड का पहला सफेद बाघ ‘तेजस’, CM धामी ने किया बाड़े का लोकार्पण, कॉलेज विद्यार्थियों को मिलेगी फ्री एंट्री!
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से पर्यटन और वन्यजीव प्रेमियों के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। अब देहरादून के चिड़ियाघर में पर्यटकों को सफेद बाघ का दीदार करने का मौका मिलेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मालसी स्थित देहरादून चिड़ियाघर में सफेद बाघ ‘तेजस’ के नए बाड़े का लोकार्पण किया और उसे पर्यटकों के अवलोकन के लिए समर्पित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सफेद बाघ के आने से चिड़ियाघर का आकर्षण और बढ़ेगा। उत्तराखंड में पहली बार इस तरह का सफेद बाघ लाया गया है। इससे पर्यटकों को वन्यजीवों को करीब से देखने का एक नया अनुभव मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस पहल से चिड़ियाघर में आने वाले पर्यटकों की संख्या में भी बढ़ोतरी होगी।
सीएम धामी ने बताया कि देहरादून चिड़ियाघर प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है। यहां हर साल करीब 8 लाख 50 हजार पर्यटक पहुंचते हैं और इससे 7 करोड़ रुपये से अधिक की आय होती है। सफेद बाघ ‘तेजस’ के आने से पर्यटन को और बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
वहीं, मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के लिए भी बड़ी घोषणा की। अब देहरादून चिड़ियाघर में कॉलेजों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को भी निशुल्क प्रवेश दिया जाएगा। इससे पहले बच्चों के लिए मुफ्त भ्रमण की व्यवस्था की गई थी। सरकार का उद्देश्य युवाओं और बच्चों को वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरण के प्रति जागरूक करना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चिड़ियाघर केवल मनोरंजन और पर्यटन का केंद्र नहीं है, बल्कि यह वन्यजीवों और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। यहां विद्यार्थियों को प्रकृति, जंगलों और पारिस्थितिकी तंत्र को समझने का अवसर मिलता है।
उन्होंने यह भी कहा कि उत्तराखंड पर्यावरणीय दृष्टि से बेहद संवेदनशील राज्य है और यहां हर साल प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण का संतुलन बनाए रखना बेहद जरूरी है। राज्य सरकार पारिस्थितिकी और अर्थव्यवस्था के बीच संतुलन बनाकर प्रदेश के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।










