देहरादून में 14 लाख रुपये की बड़ी लूट! जमीन बेचकर लौट रहे व्यक्ति को बदमाशों ने घेरा, मारपीट कर रुपयों से भरा थैला लेकर फरार
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से लूट की एक बड़ी वारदात सामने आई है। यहां जमीन का सौदा कर 14 लाख रुपये लेकर घर लौट रहे एक व्यक्ति को छोटी दिवाली की शाम बदमाशों ने अपना निशाना बना लिया। बाइक और एक्टिवा पर सवार पांच से छह युवकों ने रास्ते में उनका वाहन घेर लिया और कथित तौर पर मारपीट करने के बाद 14 लाख रुपये से भरा थैला लेकर फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक, यह पूरी घटना देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में इंद्रेश अस्पताल के पास की बताई जा रही है। पीड़ित जमीन का सौदा करने के बाद 14 लाख रुपये लेकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक और एक्टिवा सवार पांच-छह युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया।
आरोप है कि हमलावरों ने पहले पीड़ित के साथ मारपीट की और फिर वाहन की पिछली सीट पर रखा 14 लाख रुपये से भरा थैला लूट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। उनकी तहरीर के आधार पर पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने तीन नामजद समेत पांच से छह आरोपियों के खिलाफ लूट और मारपीट की प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
अब पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है। छोटी दिवाली की शाम हुई 14 लाख रुपये की इस लूट की वारदात ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।











