जसपुर में सड़क किनारे मिला 44 वर्षीय व्यक्ति का शव! बुलंदशहर निवासी मानक चंद्र की हुई पहचान, घूमक्कड़ प्रवृत्ति का था मृतक
उत्तराखंड के जसपुर से एक खबर सामने आई है, जहां सड़क किनारे एक 44 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर निवासी मानक चंद्र के रूप में हुई है। आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से उसकी मौत हुई है।
जानकारी के मुताबिक, रविवार तड़के पुलिस को सूचना मिली कि अफजलगढ़ रोड पर एक निजी अस्पताल के पास एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
इस दौरान मृतक के कपड़ों की तलाशी लेने पर पुलिस को एक मोबाइल नंबर मिला। जब उस नंबर पर संपर्क कर जानकारी जुटाई गई, तो मृतक की पहचान मानक चंद्र, उम्र 44 वर्ष, पुत्र चुन्नी लाल, निवासी छोटी केसर, बुलंदशहर के रूप में हुई।
मृतक की पहचान होने के बाद दिल्ली से उसकी बहन जलधारा अपनी ननद के साथ काशीपुर पहुंची। जलधारा ने बताया कि उसका भाई घूमने-फिरने का शौकीन था और अक्सर इधर-उधर घूमता रहता था। उसने अपनी पत्नी को छोड़ दिया था और अपने हिस्से की तीन बीघा जमीन भी बेच चुका था।
परिजनों को इस बात की जानकारी नहीं है कि मानक चंद्र आखिर जसपुर कैसे पहुंचा। परिवार की ओर से बताया गया कि उसके दोनों भाइयों की पहले ही मौत हो चुकी है।
वहीं, पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने मृतक का शव उसकी बहन के सुपुर्द कर दिया है। फिलहाल, आशंका जताई जा रही है कि किसी वाहन की टक्कर से यह हादसा हुआ, हालांकि घटना की पूरी परिस्थितियां जांच का विषय हैं।










