देहरादून में CCTV ने खोला मौत का राज! साथी को धक्का देकर गिराया, मारपीट के बाद सड़क पर छोड़कर फरार
देहरादून के पटेलनगर से एक ऐसा मामला सामने आया है, जहां सड़क किनारे मिले अज्ञात युवक के शव की जांच करते हुए पुलिस के हाथ सीसीटीवी फुटेज लगी। फुटेज में जो कुछ दिखाई दिया, उसने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया। तीन लोग रात के अंधेरे में साथ जा रहे थे, तभी अचानक एक युवक को धक्का देकर गिरा दिया गया। इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई और फिर दोनों साथी उसे सड़क किनारे छोड़कर वहां से चले गए।
दरअसल, यह मामला पटेलनगर के सेवला खुर्द इलाके का है। पुलिस के अनुसार, 20 अक्टूबर की सुबह राजा-रानी वेडिंग प्वाइंट के पास सड़क किनारे एक अज्ञात युवक का शव मिला था। शुरुआती जांच में मृतक की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने नियमानुसार 72 घंटे तक शव की शिनाख्त का इंतजार किया, लेकिन पहचान नहीं होने पर उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
इसके बाद पुलिस ने मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसी दौरान 19 अक्टूबर की रात करीब 10 बजकर 56 मिनट की फुटेज सामने आई, जिसमें तीन लोग सड़क पर साथ जाते दिखाई दिए।
आरोप है कि इसी दौरान एक व्यक्ति ने अपने साथ चल रहे युवक को जोर से धक्का दिया, जिससे वह सड़क किनारे गिर पड़ा। इसके बाद धक्का देने वाले व्यक्ति ने युवक के साथ मारपीट की, जबकि दूसरा साथी पास में खड़ा रहा। कुछ देर बाद दोनों युवक उसे वहीं छोड़कर चले गए।
हैरानी की बात यह है कि कुछ समय बाद दोनों दोबारा मौके पर लौटे। उन्होंने सड़क पर पड़े युवक को हिलाकर देखा और फिर वहां से फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उपनिरीक्षक जयवीर सिंह की ओर से दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस अब आरोपियों की पहचान करने और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाने में जुटी है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर उस रात ऐसा क्या हुआ था कि दो युवक अपने ही साथी के साथ मारपीट करने के बाद उसे सड़क पर छोड़कर चले गए? फिलहाल मामले में पुलिस की जांच जारी है।










