सिक्किम के राज्यपाल दुष्यंत कुमार गौतम पर कथित मानहानिकारक बयान! उर्मिला सनावर के खिलाफ FIR दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सिक्किम के राज्यपाल दुष्यंत कुमार गौतम और अन्य प्रमुख हस्तियों के खिलाफ कथित तौर पर असत्य और मानहानिकारक बयान प्रसारित करने के मामले में देहरादून की कोतवाली नगर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।
जानकारी के मुताबिक, मोती बाजार निवासी सागर की शिकायत पर 25 अक्टूबर की रात यह मामला दर्ज किया गया। शिकायत में उर्मिला सनावर पर वीडियो में मीडिया के सामने आपत्तिजनक और मानहानिकारक व्यक्तिगत आरोप लगाने का आरोप लगाया गया है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, हरिद्वार रोड स्थित सीबीआई कोर्ट के बाहर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है, जिस पर सुजाता पॉल का लोगो लगा हुआ है। आरोप है कि इस वीडियो में उर्मिला सनावर सिक्किम के राज्यपाल दुष्यंत कुमार गौतम, बीएल संतोष और आरती गौड़ के खिलाफ बिना किसी न्यायिक आदेश या प्रमाण के व्यक्तिगत आरोप लगाती दिखाई दे रही हैं।
शिकायत में आशंका जताई गई है कि इस तरह के बयान प्रसारित होने से संबंधित व्यक्तियों की सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंच सकता है। साथ ही समाज में भ्रम, आक्रोश और वैमनस्य फैलने की भी आशंका व्यक्त की गई है।
फिलहाल पुलिस वीडियो प्रसारित करने वाले अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। अब जांच के बाद ही मामले से जुड़े तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।











