देश के कई शहरों में प्रदूषण का बढ़ा खतरा, देहरादून और ऋषिकेश की हवा हुई साफ, AQI अच्छी श्रेणी में
देश के कई शहरों में हवा की गुणवत्ता खराब से लेकर बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई है। कहीं प्रदूषण लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है, तो वहीं उत्तराखंड के देहरादून और ऋषिकेश से राहत भरी खबर सामने आई है। यहां हवा की गुणवत्ता में सुधार दर्ज किया गया है और दोनों शहरों की हवा अच्छी श्रेणी में रही है।
दरअसल, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड यानी CPCB ने मंगलवार को देश के 266 शहरों का एयर क्वालिटी इंडेक्स यानी AQI जारी किया। इसमें बल्लभगढ़ का AQI 310 दर्ज किया गया, जो बहुत खराब श्रेणी में आता है। वहीं, भावनगर, ग्रेटर नोएडा और चरखी दादरी जैसे शहरों में भी हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में पहुंच गई।
लेकिन उत्तराखंड की स्थिति इन शहरों के मुकाबले बेहतर रही। देहरादून में हवा की गुणवत्ता में सुधार देखने को मिला। 19 तारीख को देहरादून का AQI 55 था, जो संतोषजनक श्रेणी में आता है। मंगलवार को शाम चार बजे यह घटकर 50 रह गया और हवा अच्छी श्रेणी में दर्ज की गई। हालांकि, शाम सात बजे के बाद हवा की गुणवत्ता फिर संतोषजनक श्रेणी में पहुंच गई।
वहीं, ऋषिकेश में हवा की गुणवत्ता अच्छी श्रेणी में बनी रही। 19 तारीख को यहां AQI 37 दर्ज किया गया था, जबकि मंगलवार को यह 38 रहा। यानी दोनों दिनों में ऋषिकेश की हवा अच्छी श्रेणी में रही।
दूसरी ओर, काशीपुर में भी हवा की गुणवत्ता की निगरानी की जाती है, लेकिन मंगलवार को इसका आंकड़ा जारी नहीं किया गया।
आपको बता दें कि वायु गुणवत्ता सूचकांक यानी AQI को अच्छी से लेकर गंभीर तक छह श्रेणियों में बांटा गया है। ऐसे में देहरादून और ऋषिकेश की हवा में आया सुधार राहत की बात है, जबकि देश के कई अन्य शहरों में बढ़ता प्रदूषण चिंता का विषय बना हुआ है।










