उत्तराखंड कांग्रेस की न्याय यात्रा का आगाज, जनता के अधिकारों और जनहित के मुद्दों को लेकर सड़कों पर उतरी पार्टी
उत्तराखंड में कांग्रेस ने जनता के अधिकारों, सम्मान और जनहित के मुद्दों को लेकर न्याय यात्रा का आगाज कर दिया है। देहरादून से शुरू हुई इस यात्रा के जरिए कांग्रेस जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं, सवालों और अपेक्षाओं को उठाने की तैयारी में है।
दरअसल, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने टपकेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर न्याय यात्रा की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और न्याय की कामना की।
पूजा-अर्चना के बाद कांग्रेस भवन से राजपुर और मसूरी विधानसभा क्षेत्रों में न्याय यात्रा निकालने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। राजपुर विधानसभा क्षेत्र में पदयात्रा के दौरान चौक, घंटाघर और पलटन बाजार में जनसंपर्क करते हुए यात्रा राजीव गांधी कॉम्प्लेक्स तक पहुंचेगी।
कांग्रेस का कहना है कि इस न्याय यात्रा का मुख्य उद्देश्य जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुनना और उनके अधिकारों की लड़ाई को मजबूत करना है। पार्टी इसे न्याय, अधिकार और सम्मान से जुड़े मुद्दों को जनता के सामने उठाने वाला जनसंपर्क अभियान बता रही है।
वहीं, देहरादून से शुरू हुए इस अभियान को अब प्रदेशव्यापी स्वरूप देने की तैयारी है। आने वाले दिनों में सहसपुर, विकासनगर, चकराता, धर्मपुर, कैंट और ऋषिकेश समेत प्रदेश के अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी न्याय यात्रा निकाली जाएगी।
अब देखना होगा कि कांग्रेस की यह न्याय यात्रा प्रदेश की जनता के मुद्दों को कितना प्रभावी ढंग से उठा पाती है और आने वाले समय में इसका राजनीतिक असर कितना देखने को मिलता है।











