देहरादून : राजधानी देहरादून में नगर निगम की जमीन पर दुकानें आवंटित कराने के नाम पर लाखों रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। इस मामले में पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा, उनके बेटे शाश्वत उनियाल और नगर निगम कर्मचारी दिनेश खन्ना के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए गए हैं। दो शिकायतकर्ताओं ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत दी है और मामले में मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि नगर निगम की भूमि पर दुकानें दिलाने का भरोसा देकर उनसे लाखों रुपये लिए गए, लेकिन लंबे समय तक इंतजार करने के बावजूद न तो दुकानें आवंटित की गईं और न ही पूरी रकम वापस की गई।
2019 में तीन दुकानों का दिया गया था भरोसा
विजयराज चौहान की शिकायत के मुताबिक, वर्ष 2019 में शाश्वत उनियाल ने नगर निगम की जमीन लीज पर दिलाने और राजपुर रोड व मसूरी रोड के आसपास तीन स्थायी दुकानें आवंटित कराने का भरोसा दिया था। शिकायतकर्ता का दावा है कि इस सिलसिले में उन्होंने अलग-अलग माध्यमों से 45 लाख रुपये दिए।
जमीन और दुकानों का आवंटन नहीं होने पर वर्ष 2023 में नया प्रस्ताव सामने आया। इसमें मसूरी रोड स्थित खाला गांव के मैगी प्वाइंट और कुठाल गेट के पास नगर निगम की ओर से चिह्नित स्थानों पर दुकानें दिलाने की बात कही गई।
आरोप है कि इस प्रक्रिया के लिए नगर निगम कर्मचारी दिनेश खन्ना से मुलाकात कराई गई और संबंधित दस्तावेज भी लिए गए। लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी दुकानों की पक्की रसीद नहीं दी गई और न ही कब्जा मिल पाया।
रकम वापस मांगने पर धमकाने का आरोप
विजयराज चौहान ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि वर्ष 2025 में जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो राजनीतिक रसूख का हवाला देकर उन्हें झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दी गई।
शिकायत के अनुसार, विवाद बढ़ने के बाद आधी रकम लौटाने और दो दुकानों का आवंटन कराने का आश्वासन दिया गया। कुछ रकम लौटाई भी गई, लेकिन शिकायतकर्ता का आरोप है कि करीब 20 लाख रुपये अब भी वापस नहीं किए गए और दुकानें भी आवंटित नहीं हुईं।
पूर्व निजी सचिव ने भी लगाए 20 लाख रुपये लेने के आरोप
इस मामले में पूर्व मेयर के निजी सचिव रहे सुरजपाल सिंह ने भी अलग से शिकायत दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि वर्ष 2022-23 में शाश्वत उनियाल ने नगर निगम की ओर से दुकानें आवंटित कराने का भरोसा देकर उनसे 20 लाख रुपये लिए थे।
सुरजपाल सिंह के मुताबिक, उन्होंने यह रकम नकद, ऑनलाइन और शाश्वत के चचेरे भाई तनुज उनियाल को अलग-अलग किस्तों में दी थी। इसके बावजूद उन्हें न तो दुकानें मिलीं और न ही उनकी रकम वापस की गई शिकायतकर्ता ने रकम मांगने पर झूठे मामलों में फंसाने और जान से मारने की धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया है।
पूर्व मेयर ने आरोपों को बताया निराधार
वहीं, पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को झूठा और निराधार बताया है। उनका कहना है कि उनके खिलाफ किसी भी एजेंसी से जांच कराई जा सकती है और जांच में सब कुछ स्पष्ट हो जाएगा। उन्होंने आरोप लगाने वाले लोगों को ब्लैकमेलर और फ्रॉड किस्म का बताया है।
फिलहाल पुलिस शिकायतों की जांच कर रही है। अब देखना होगा कि जांच में इन आरोपों को लेकर क्या तथ्य सामने आते हैं और मामले में आगे क्या कानूनी कार्रवाई होती है।









