हरिद्वार की खानपुर या लक्सर सीट से चुनाव लड़ना चाहते हैं हरीश रावत, राहुल गांधी-खरगे से मुलाकात के बाद दिया बड़ा बयान
उत्तराखंड की सियासत में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने चुनाव लड़ने को लेकर बड़ा बयान दिया है। हरदा ने साफ कहा है कि राहुल गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के साथ दिल्ली में हुई मुलाकात के दौरान चुनाव लड़ने को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई। हालांकि, अगर प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व चाहेगा तो वह चुनावी मैदान में उतरने के लिए तैयार हैं। हरीश रावत ने हरिद्वार की खानपुर, लक्सर या आसपास की किसी सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा भी जाहिर की है।
दिल्ली से लौटने के बाद हरीश रावत ने कहा कि उनकी राष्ट्रीय नेताओं के साथ मुलाकात बेहद सकारात्मक रही। इस दौरान उत्तराखंड की राजनीतिक परिस्थितियों और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने कांग्रेस को सत्ता में वापस लाने और कम से कम 45 सीटें जीतने का रोडमैप भी राष्ट्रीय नेतृत्व के सामने रखा।
हरदा ने कहा कि उन्हें किसी पद की महत्वाकांक्षा नहीं है। चुनाव लड़ना है या नहीं, इसका फैसला प्रदेश कांग्रेस को करना है। उन्होंने दावा किया कि खानपुर और लक्सर की जनता चाहती है कि वह एक बार उनका प्रतिनिधित्व करें। हालांकि, अगर पार्टी उन्हें चुनाव लड़ने की जिम्मेदारी नहीं देती है, तब भी वह कांग्रेस को सत्ता में लाने के लिए पूरी मेहनत करेंगे।
हरीश रावत ने यह भी कहा कि वह जल्द ही राष्ट्रीय नेताओं से दोबारा मुलाकात करेंगे। उनके मुताबिक, आगामी चुनाव में कांग्रेस को स्थानीय मुद्दों पर आक्रामक रुख अपनाना होगा और जनता के बीच जाकर अपनी रणनीति को मजबूती से आगे बढ़ाना होगा।










