हरिद्वार में IB के SP पर जानलेवा हमला! अपने ही चालक ने चलाई गोली, सीपी नौटियाल घायल, AIIMS रेफर, आरोपी चालक पर कार्रवाई
उत्तराखंड के हरिद्वार से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां इंटेलिजेंस ब्यूरो यानी IB के एसपी सीपी नौटियाल पर उनके ही चालक ने गोली चला दी। बताया जा रहा है कि अधिकारी और चालक विनोद नेगी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी, जिसने देखते ही देखते विवाद का रूप ले लिया और चालक ने गोली चला दी।
गोली लगने से सीपी नौटियाल घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद उन्हें हरिद्वार के बंगाली अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार दिया। उनकी हालत सामान्य और खतरे से बाहर बताई जा रही है।
हालांकि, बेहतर उपचार और विस्तृत जांच के लिए उन्हें ऋषिकेश स्थित एम्स रेफर किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। खबरों के मुताबिक, आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
फिलहाल विवाद की असली वजह क्या थी और गोली चलाने के पीछे आरोपी का मकसद क्या था, इसकी जांच की जा रही है। इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और विभागीय विवादों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।











