अंकिता भंडारी की मां सोनी देवी को जान से मारने की धमकी! वायरल वीडियो से मचा हड़कंप, IG ने दिए तत्काल कार्रवाई के आदेश, धमकी देने वालों की होगी पहचान और गिरफ्तारी!
उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में अब एक नया मामला सामने आया है। अंकिता की मां सोनी देवी ने जान से मारने की धमकी मिलने का आरोप लगाया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में उन्होंने अपनी पीड़ा जाहिर करते हुए कहा कि उन्हें धमकी दी गई है कि अगर उन्होंने सरकार के खिलाफ कुछ बोला तो उनके परिवार का पता तक नहीं चलेगा।
सोनी देवी का कहना है कि वह पिछले चार साल से अपनी बेटी अंकिता को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष कर रही हैं। उन्होंने अंकिता के चरित्र को लेकर की जा रही टिप्पणियों पर भी कड़ी नाराजगी जताई और सवाल उठाया कि आखिर ऐसे लोगों के खिलाफ ठोस कार्रवाई क्यों नहीं हो रही?
मामले की गंभीरता को देखते हुए IG गढ़वाल राजीव स्वरूप ने देहरादून SSP को तत्काल जांच के निर्देश दिए हैं। पुलिस को सोनी देवी और उनके परिवार से संपर्क कर शिकायत लेने, धमकी देने वालों की पहचान करने और उनके खिलाफ FIR दर्ज कर गिरफ्तारी की कार्रवाई करने को कहा गया है।
अब बड़ा सवाल यह है कि अपनी बेटी को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष कर रही एक मां को धमकी देने वाले कौन हैं? पुलिस जांच में जल्द इसका खुलासा होने की उम्मीद है।










