उत्तराखंड में वीकेंड पर पर्यटकों की भारी भीड़, मसूरी से कैंची धाम तक लगा लंबा जाम
उत्तराखंड में बारिश थमने के बाद मौसम सुहाना होते ही वीकेंड पर पर्यटकों की भारी भीड़ पहाड़ों का रुख कर रही है। कुमाऊं और गढ़वाल के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की बढ़ती संख्या के चलते कई जगहों पर यातायात व्यवस्था चरमरा गई और सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
मसूरी में हालात सबसे ज्यादा खराब नजर आए। शुक्रवार से ही वाहनों का दबाव बढ़ने के बाद शनिवार को माल रोड, भगत सिंह चौक, लाइब्रेरी चौक और किंग्रेग समेत कई इलाकों में घंटों जाम लगा रहा। जाम की स्थिति ऐसी रही कि आम लोगों और पर्यटकों के साथ-साथ कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी भी जाम में फंसे रहे।
सबसे गंभीर स्थिति भगत सिंह चौक के पास देखने को मिली, जहां जाम में एक एंबुलेंस भी फंस गई। इससे यातायात व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं को लेकर चिंता बढ़ गई।
वहीं, कैंची धाम में श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही के कारण भीमताल से कैंची धाम तक शुक्रवार को कई किलोमीटर लंबा जाम देखने को मिला। इस जाम का असर अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, रानीखेत, धारचूला, बागेश्वर और हल्द्वानी की ओर आने-जाने वाले यात्रियों और पर्यटकों पर भी पड़ा।
कई लोगों को तीन घंटे से अधिक समय तक जाम में फंसे रहना पड़ा। वीकेंड पर बढ़ती पर्यटकों की भीड़ के बीच पुलिस की ट्रैफिक व्यवस्था भी कम पड़ती नजर आई।
सवाल अब यह है कि पर्यटन सीजन और वीकेंड की भारी भीड़ के बीच उत्तराखंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों की ट्रैफिक व्यवस्था को कैसे संभाला जाएगा?








