टिहरी में बड़ा हादसा! सेंट्रो कार बालगंगा नदी में गिरी, एक व्यक्ति का शव बरामद, दूसरा लापता
उत्तराखंड के टिहरी जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। बालगंगा तहसील के घनसाली-बूढ़ाकेदार मोटर मार्ग पर छतियारा के समीप एक सेंट्रो कार अनियंत्रित होकर बालगंगा नदी में जा गिरी। हादसे में एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया है, जबकि दूसरा व्यक्ति अभी लापता है। पुलिस, फायर सर्विस और राहत दल लापता व्यक्ति व वाहन की तलाश में जुटे हुए हैं।
थानाध्यक्ष घनसाली प्रशांत बहुगुणा के अनुसार, शनिवार दोपहर सभासद महेंद्र पाल ने मोबाइल फोन के माध्यम से पुलिस को सूचना दी कि तलेबन के पास बालगंगा नदी में एक वाहन गिरा हुआ है। सूचना मिलते ही चमियाला चौकी पुलिस, घनसाली थाना पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, 16 अक्टूबर को ग्राम सेंदुल के दो व्यक्ति सेंट्रो कार से वेल्डिंग के काम के सिलसिले में बूढ़ाकेदार क्षेत्र के मेढ़ गांव गए थे। वापसी के दौरान छतियारा गांव से करीब दो किलोमीटर पहले उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे बालगंगा नदी में जा गिरी।
हादसे का पता शनिवार को चला, जब नदी में बकरी चराने गए एक व्यक्ति ने वाहन और शव देखा और पुलिस को इसकी सूचना दी। फिलहाल, एक व्यक्ति का शव बरामद हो चुका है, जबकि दूसरे लापता व्यक्ति की तलाश के लिए अभियान जारी है।










