उत्तराखंड में फिर बदलेगा मौसम! 5 जिलों में बारिश का अलर्ट, 3800 मीटर से ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार
उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट लेने के संकेत दिए हैं। बृहस्पतिवार को अचानक बदले मौसम के बाद शुक्रवार को प्रदेशभर में चटक धूप खिली, जिससे पहाड़ी इलाकों में ठंड से राहत मिली और मैदानी क्षेत्रों में मौसम सुहाना बना रहा। लेकिन अब मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई है।
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, 17 अक्टूबर को उत्तरकाशी, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग, चमोली और पिथौरागढ़ जिले के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, 3800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने के आसार हैं। ऐसे में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड बढ़ सकती है।
अगर तापमान की बात करें तो शुक्रवार को देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 29.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम होकर 14.6 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश के अन्य इलाकों में भी मौसम का ऐसा ही असर देखने को मिला।
ऐसे में अगर आप शनिवार को पहाड़ों की सैर या ऊंचाई वाले इलाकों में घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो मौसम के पूर्वानुमान को ध्यान में रखकर ही यात्रा की तैयारी करें। पहाड़ों में मौसम तेजी से बदल सकता है, इसलिए सावधानी बरतना जरूरी है।










