एरोली गांव में भालू का खूनी हमला! गौशाला की छत तोड़कर दो बैलों पर किया हमला, एक की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल
उत्तराखंड के एरोली गांव में भालू का आतंक देखने को मिला है। रविवार रात भालू ने एक गौशाला को निशाना बनाते हुए छत तोड़ दी और अंदर बंधे दो बैलों पर हमला कर दिया। इस हमले में एक बैल की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बैल की कमर और गर्दन पर गहरे घाव आए हैं।
जानकारी के अनुसार, पशुपालक बलवीर सिंह रावत को इस घटना का पता सोमवार सुबह करीब छह बजे लगा। जब वह अपनी गौशाला पहुंचे तो वहां का नजारा देखकर हैरान रह गए। भालू ने गौशाला की छत तोड़कर अंदर बंधे दोनों बैलों पर हमला किया था। एक बैल मृत अवस्था में पड़ा था, जबकि दूसरा गंभीर हालत में घायल था।
घटना के बाद पशुपालक ने तुरंत वन विभाग और राजस्व विभाग को इसकी सूचना दी। वहीं, घायल बैल के उपचार के लिए पशुपालन विभाग आदिबद्री को भी सूचित किया गया।
सूचना मिलते ही संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पशु चिकित्सक ने घायल बैल का उपचार किया, जबकि मृत बैल से हुए नुकसान के मुआवजे को लेकर विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
लगातार वन्यजीवों के हमलों से ग्रामीणों और पशुपालकों की चिंता बढ़ती जा रही है।










