8 साल के गोलू का कमाल! 551 पौधे लगाकर बने पर्यावरण संरक्षण की मिसाल, छोटी उम्र में बड़ा संदेश दे रहा उत्तराखंड का नन्हा पर्यावरण प्रेमी
उम्र महज 8 साल, लेकिन हौसले और संकल्प ऐसे कि बड़े-बड़े लोग भी इनसे प्रेरणा लें। उत्तराखंड के मजकोट गांव के रहने वाले नन्हे गोलू पुरी ने पर्यावरण संरक्षण की ऐसी मुहिम छेड़ी है, जिसकी हर तरफ सराहना हो रही है। जिस उम्र में बच्चे खेलकूद और खिलौनों में व्यस्त रहते हैं, उस उम्र में गोलू धरती को हरा-भरा बनाने के मिशन में जुटे हुए हैं।
हैरानी की बात यह है कि गोलू महज 5 साल की उम्र से पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण का काम कर रहे हैं और अब तक 551 पौधे लगा चुके हैं। राजकीय प्राथमिक विद्यालय मजकोट में कक्षा दूसरी के छात्र गोलू को खास तौर पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के लिए पहचाना जाता है।
गोलू को इस नेक काम की प्रेरणा अपने पिता मदन पुरी और मां मंजू गोस्वामी से मिली। उनके पिता राजकीय इंटर कॉलेज छत्यानी में प्रधानाचार्य हैं, जबकि मां गृहिणी हैं। माता-पिता से मिले संस्कारों ने गोलू के मन में प्रकृति के प्रति प्रेम और पर्यावरण बचाने का संकल्प पैदा किया।
लेकिन गोलू की मुहिम सिर्फ पौधे लगाने तक सीमित नहीं है। पिछले तीन वर्षों से वह पर्यावरण संरक्षण के लिए अलग-अलग जागरूकता अभियान चला रहे हैं। इनमें पेयजल स्रोतों की स्वच्छता, ‘बीजों को जीवन दो’ और ‘पक्षी मित्र सेवा’ जैसे अभियान शामिल हैं। इन प्रयासों के जरिए वह ग्रामीणों को पानी के स्रोतों को साफ रखने, बीजों को सुरक्षित रखने और पक्षियों की मदद करने का संदेश दे रहे हैं।
गोलू का एक नारा भी है, ‘आओ मिलकर पेड़ लगाएं, पर्यावरण को बचाएं। शुद्ध पानी पिएं, बीमारियों को दूर भगाएं।’
गोलू का कहना है कि पढ़ाई के बाद जब भी उन्हें समय मिलता है, वह अपने पर्यावरण संरक्षण अभियान में जुट जाते हैं। उनकी इस छोटी-सी पहल का असर अब दूसरे बच्चों पर भी दिखाई देने लगा है और कई बच्चे उनके साथ जुड़कर प्रकृति को बचाने की मुहिम का हिस्सा बन रहे हैं।
सच में, गोलू पुरी ने साबित कर दिया है कि समाज में बदलाव लाने के लिए उम्र नहीं, बल्कि सोच और संकल्प बड़ा होना चाहिए। 8 साल के इस नन्हे पर्यावरण प्रेमी की कहानी हर किसी के लिए एक बड़ी प्रेरणा है।











