जौलजीबी मेले में सियासी बवाल! विधायक हरीश धामी ने CM धामी को कहा ‘डरपोक और भगोड़ा’, मंच से प्रशासन को दी खुली चुनौती
उत्तराखंड के ऐतिहासिक जौलजीबी मेले के उद्घाटन समारोह के पहले ही दिन ऐसा सियासी घमासान देखने को मिला कि कार्यक्रम का माहौल ही गरमा गया। धारचूला से कांग्रेस विधायक हरीश धामी ने मंच से प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के खिलाफ जमकर हमला बोला। विधायक के तीखे तेवरों ने समारोह को राजनीतिक विवाद में बदल दिया।
दरअसल, कार्यक्रम के दौरान माइक बंद किए जाने के आरोप से विधायक हरीश धामी भड़क गए। इसके बाद उन्होंने प्रशासनिक व्यवस्थाओं और सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाने शुरू कर दिए। विधायक ने मंच से प्रशासन को खुली चुनौती देते हुए कहा कि अगर प्रशासन गुंडागर्दी करेगा, तो वे सबसे बड़े गुंडे हैं।
इतना ही नहीं, विधायक ने मंच पर राजनीतिक दलों और जनप्रतिनिधियों को उचित स्थान नहीं दिए जाने पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर अन्य राजनीतिक दलों और जनप्रतिनिधियों के साथ इस तरह का व्यवहार क्यों किया जा रहा है?
वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर सीधा निशाना साधते हुए हरीश धामी ने तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि लोग भले ही मुख्यमंत्री को ‘धाकड़ धामी’ कहते हों, लेकिन असल में वह डरपोक और भगोड़ा हैं।
ऐतिहासिक जौलजीबी मेले के पहले ही दिन सामने आए इस राजनीतिक विवाद ने उत्तराखंड की सियासत में नई हलचल पैदा कर दी है। अब देखना होगा कि विधायक के इन बयानों पर भाजपा और प्रदेश सरकार की ओर से क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।









