धारी देवी मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खुशखबरी! बनेगी दो मंजिला पार्किंग, 100 गाड़ियों को मिलेगी जगह
उत्तराखंड के प्रसिद्ध धारी देवी मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। अब मंदिर के पास ही दो मंजिला पार्किंग का निर्माण किया जाएगा। इससे न सिर्फ श्रद्धालुओं को अपने वाहन खड़े करने की सुविधा मिलेगी, बल्कि ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगने वाले जाम से भी काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।
दरअसल, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा को धरातल पर उतारने के लिए पार्किंग निर्माण की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इसके लिए भूमि चिह्नित करने और भूसर्वेक्षण का काम भी पूरा हो चुका है।
प्रस्तावित पार्किंग के निर्माण के लिए ग्राम कलियासौड़, पट्टी चलणल्यूं में 0.14 हेक्टेयर भूमि चिह्नित की गई है। यह जगह ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग के बाईं ओर श्रीनगर जल विद्युत परियोजना के जलाशय की डाउन साइड टर्निंग साइट के पास स्थित है।
जीआईएस तकनीक के माध्यम से किए गए सर्वेक्षण में निर्धारित शर्तों के तहत इस जमीन को पार्किंग निर्माण के लिए उपयुक्त पाया गया है।
सबसे खास बात यह है कि प्रस्तावित दो मंजिला पार्किंग में एक साथ करीब 100 वाहनों को खड़ा करने की क्षमता होगी। वहीं, जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण पौड़ी की ओर से कार्यदायी संस्था के चयन के लिए शासन को पत्र भी भेजा जा चुका है।
फिलहाल पार्किंग परियोजना से जुड़ी प्रशासनिक और तकनीकी औपचारिकताओं को आगे बढ़ाया जा रहा है। ऐसे में उम्मीद है कि आने वाले समय में धारी देवी मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को पार्किंग की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी।











