उगते सूर्य को अर्घ्य देकर छठ महापर्व का समापन! देहरादून-हरिद्वार के घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब, जयकारों से गूंजा माहौल
भोर होते ही छठी मैया के मधुर गीतों से उत्तराखंड के घाट गूंज उठे। हाथों में पूजन सामग्री और सिर पर डलिया लिए श्रद्धालु अपने परिवारों के साथ घाटों पर पहुंचने लगे। देहरादून और हरिद्वार में छठ महापर्व के अंतिम दिन सुबह से ही आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला।
नेहरू कॉलोनी स्थित मिथिला छठ घाट और ब्रह्मपुरी छठ घाट समेत विभिन्न घाटों पर व्रती सुबह होने से पहले ही पहुंच गए थे। इसके बाद श्रद्धालुओं ने जल में उतरकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और उगते सूर्य यानी भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान घाटों पर छठी मैया के जयकारे गूंजते रहे और पूरा माहौल भक्तिमय हो गया।
दरअसल, करीब 36 घंटे तक निर्जला व्रत रखने वाले व्रतियों ने उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही अपने कठिन अनुष्ठान को पूरा किया। इस दौरान उन्होंने छठी मैया और भगवान सूर्य से परिवार की सुख-शांति, संतान की लंबी आयु और सुख-समृद्धि की कामना की। पूजा संपन्न होने के बाद व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण कर निर्जला व्रत का पारण किया।
वहीं, छठ महापर्व को देखते हुए देहरादून और हरिद्वार में नदियों, जलाशयों और विभिन्न घाटों पर विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के साथ-साथ घाटों की स्वच्छता का भी ध्यान रखा गया।
पूजा के बाद घाटों पर श्रद्धालुओं को छठ का प्रसाद वितरित किया गया। इसी के साथ चार दिनों तक चलने वाले लोक आस्था के महापर्व छठ का समापन पूरे विधि-विधान, श्रद्धा और उल्लास के साथ हो गया।








