नैनीताल में बाइक सवार दंपत्ति पर बाघ का हमला, पत्नी को जंगल में घसीटने लगा बाघ, पति के शोर मचाने पर बची जान
हे राम! उत्तराखंड के नैनीताल में देखिए कितना खौफनाक मामला सामने आया है, जहां घास लेने जा रहे एक दंपत्ति की बाइक पर अचानक बाघ ने हमला कर दिया। हमला इतना अचानक हुआ कि पति-पत्नी दोनों सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद बाघ ने महिला का हाथ अपने जबड़े में दबोचा और उसे जंगल की ओर घसीटने लगा।
अपनी पत्नी को बाघ के चंगुल में फंसा देखकर पति ने हिम्मत नहीं हारी और जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। आखिरकार पति की आवाज सुनकर बाघ महिला को छोड़कर जंगल में भाग गया और इस तरह महिला की जान बच गई।
जानकारी के मुताबिक, रामनगर वन प्रभाग की कोसी रेंज के ग्रासलैंड क्षेत्र में बुधवार सुबह टेड़ा निवासी 50 वर्षीय बबली देवी अपने पति दर्शन सिंह के साथ मवेशियों के लिए घास लेने जा रही थीं। इसी दौरान अचानक बाघ ने उनकी चलती बाइक पर हमला कर दिया। हादसे में दोनों सड़क पर गिर गए और बाघ बबली देवी को जंगल की तरफ खींचने लगा।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पर्यटकों की जिप्सी की मदद से घायल महिला को सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें भर्ती कर लिया।
रामनगर वन प्रभाग के डीएफओ ध्रुव मर्तोलिया के मुताबिक, महिला की पीठ पर पंजों के निशान हैं और उनका अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटनास्थल पर वन विभाग की गश्त बढ़ा दी गई है। बाघ की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए मॉनिटरिंग भी की जा रही है। साथ ही लोगों को घटनास्थल के आसपास अकेले न जाने की सलाह दी गई है।










