कॉर्बेट के सोनानदी और पाखरो जोन में पर्यटकों की बढ़ी रौनक! पहले ही सप्ताह में 23 जिप्सियों की बुकिंग, 145 पर्यटकों ने जंगल सफारी का लिया आनंद, दिसंबर तक एडवांस बुकिंग फुल!
उत्तराखंड के कॉर्बेट टाइगर रिजर्व से पर्यटकों के लिए अच्छी खबर सामने आई है। मानसून के बाद जंगल सफारी का नया पर्यटन सत्र शुरू होते ही सोनानदी और पाखरो पर्यटन जोन में पर्यटकों की रौनक बढ़ने लगी है। घने जंगलों के बीच जिप्सी सफारी और प्राकृतिक आवास में वन्यजीवों को देखने का रोमांच पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है।
दरअसल, 15 नवंबर से शुरू हुए पर्यटन सत्र के पहले ही सप्ताह में दोनों जोन में 23 जिप्सियों की बुकिंग हुई, जिनके जरिए 145 पर्यटकों ने जंगल सफारी का आनंद लिया। इतना ही नहीं, दिसंबर तक की एडवांस बुकिंग भी हो चुकी है।
कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के अंतर्गत सोनानदी वन्यजीव विहार के वतनवासा-हल्दूपड़ाव और पाखरो जोन में पर्यटकों को बाघ, तेंदुए, हाथियों और विभिन्न प्रजातियों के रंग-बिरंगे पक्षियों को देखने का मौका मिल रहा है।
खास बात यह है कि पर्यटक केवल वन्यजीवों को देखने में ही नहीं, बल्कि बर्ड वॉचिंग में भी खास दिलचस्पी दिखा रहे हैं। जिप्सी चालक शिव सिंह के मुताबिक, जंगल की प्राकृतिक सुंदरता और पक्षियों की विभिन्न प्रजातियां पर्यटकों को खूब आकर्षित कर रही हैं।
वहीं, केटीआर की एसीएफ अनामिका बुक्करवाल ने बताया कि पर्यटन सत्र के पहले सप्ताह में पर्यटकों की अच्छी आमद दर्ज की गई है। वन विभाग की ओर से सुरक्षित सफारी और पर्यटकों की सुविधाओं के लिए जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं।
कुल मिलाकर, नए पर्यटन सत्र की शानदार शुरुआत ने सोनानदी और पाखरो जोन में पर्यटन कारोबार को नई उम्मीद दी है। अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में पर्यटकों की यह रौनक कितनी और बढ़ती है।










