उत्तराखंड में सुबह-शाम बढ़ने लगी ठंड, दिन में खिल रही चटक धूप! 22 अक्टूबर तक मौसम रहेगा शुष्क, 23 से फिर बदलेगा मौसम
पोस्ट मानसून बारिश थमने के बाद उत्तराखंड में अब सुबह और शाम के समय ठंड बढ़ने लगी है। हालांकि, दिनभर चटक धूप खिलने से पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक मौसम सुहाना बना हुआ है। ऐसे में दिन और रात के तापमान में अंतर भी बढ़ने लगा है।
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, सोमवार से प्रदेशभर में मौसम शुष्क बना रहेगा। रविवार को देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 14.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
प्रदेश के अन्य इलाकों में भी मौसम का कुछ ऐसा ही मिजाज देखने को मिल रहा है। दिन में तेज धूप के चलते तापमान सामान्य बना हुआ है, लेकिन रात के समय ओस गिरने और तापमान में गिरावट से ठंड का एहसास बढ़ रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में दिन और रात के तापमान का अंतर और बढ़ सकता है। 22 अक्टूबर तक प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है, जबकि 23 अक्टूबर से मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल सकता है।
ऐसे में सुबह और शाम घर से बाहर निकलने वाले लोगों को ठंड से बचाव का ध्यान रखने की जरूरत है।










