7 सीटर वैन में 18 बच्चे! स्कूली वाहनों की चेकिंग में खुली लापरवाही, कई के चालान
स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने मंगलवार को शहर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। आदर्श नगर, मलकपुर चुंगी, सोलानी पुल समेत कई स्थानों पर स्कूल बसों, वैन और अन्य वाहनों की जांच की गई। इस दौरान कई वाहन चालक यातायात नियमों की अनदेखी करते पाए गए।
चेकिंग के दौरान एक चौंकाने वाला मामला सामने आया, जहां महज 7 सीट वाली स्कूली वैन में 18 बच्चों को बैठाया गया था। बच्चों को बेहद कम जगह में ठूंस-ठूंसकर बैठाया गया था। सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर परिवहन विभाग की टीम ने वाहन चालकों को फटकार लगाई और कार्रवाई की।
चेकिंग टीम को देखते ही कुछ स्कूली वाहन चालकों ने रास्ता बदलकर वाहन भगाने की कोशिश भी की। टीम ने ऐसे वाहनों को रोकने का प्रयास किया।
अभियान के दौरान बिना जरूरी दस्तावेज, क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के चालान काटे गए।
परिवहन विभाग के सहायक उप-निरीक्षक इजारुल हक ने स्कूल वाहन संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।










