देहरादून: जनरेटर रूम में बेहोश मिले दो इंजीनियर, अस्पताल पहुंचते ही मौत; गैस रिसाव की आशंका
देहरादून के पटेल नगर थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर कंपनी के जनरेटर रूम में बुधवार सुबह दो इंजीनियर बेहोशी की हालत में मिले। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान 29 वर्षीय रोहित सिंह, निवासी हरिद्वार, और 26 वर्षीय लवकुश, पुत्र रामसागर, निवासी फैजाबाद, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। दोनों ट्रांसपोर्ट नगर स्थित सिंधु सेंटर की ईशान नेट सोल प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में इंजीनियर के तौर पर काम करते थे और इंटरनेट मेंटेनेंस की जिम्मेदारी संभालते थे।
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 12:30 बजे कंपनी में तकनीकी समस्या आई थी। इसके बाद दोनों इंजीनियर समस्या की जांच के लिए जनरेटर रूम में गए थे। सुबह जब गार्ड ने उन्हें अचेत हालत में देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
पटेल नगर कोतवाली प्रभारी नरेश राठौर के अनुसार, दोनों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया और इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
प्रथम दृष्टया जनरेटर से निकली गैस के कारण दम घुटने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।









