उत्तराखंड में करवा चौथ पर सार्वजनिक अवकाश घोषित, महिला कर्मचारियों को मिलेगी त्योहार मनाने की सुविधा
देहरादून। करवा चौथ के अवसर पर उत्तराखंड सरकार ने गुरुवार को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। सरकार के इस फैसले से करवा चौथ का व्रत रखने वाली महिला कर्मचारियों को त्योहार मनाने के लिए समय मिल सकेगा।
करवा चौथ विवाहित महिलाओं के लिए विशेष महत्व रखता है। इस दिन महिलाएं अपने पति की लंबी आयु और सुखी जीवन की कामना करते हुए व्रत रखती हैं। परंपरा के अनुसार, महिलाएं सुबह से निर्जला व्रत रखती हैं और शाम को चंद्रमा के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के बाद व्रत खोलती हैं।
त्योहार को लेकर घरों में विशेष तैयारियां की जाती हैं। महिलाएं पूजा की सामग्री जुटाने के साथ पारंपरिक परिधान पहनती हैं और सोलह शृंगार कर इस पर्व को उत्साह के साथ मनाती हैं। सार्वजनिक अवकाश घोषित होने से महिला कर्मचारियों को भी त्योहार की तैयारियों और पूजा-अर्चना के लिए अतिरिक्त समय मिल सकेगा।











