गौचर मेले का भव्य आगाज! CM धामी ने किया 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक मेले का शुभारंभ, सात दिनों तक दिखेगी उत्तराखंड की संस्कृति की झलक
उत्तराखंड के चमोली जिले के गौचर में शनिवार को 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले का भव्य शुभारंभ हो गया। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधिवत पूजा-अर्चना और दीप प्रज्ज्वलित कर सात दिवसीय मेले का उद्घाटन किया। गौचर पहुंचने पर मुख्यमंत्री का बैंड की मधुर धुनों, पुष्पमालाओं और पारंपरिक तरीके से भव्य स्वागत किया गया।
मुख्यमंत्री ने सबसे पहले मेले के संस्थापक स्वर्गीय गोविन्द प्रसाद नौटियाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान स्थानीय विद्यालयों की छात्राओं ने शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में उत्तराखंड की लोक संस्कृति के रंग बिखेरे। वहीं, जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मुख्यमंत्री को मेले का शुभंकर भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि गौचर मेला महज एक आयोजन नहीं, बल्कि उत्तराखंड की ऐतिहासिक विरासत, समृद्ध व्यापारिक परंपरा और विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान का जीवंत प्रतीक है।
उन्होंने मेले के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इसकी शुरुआत वर्ष 1943 में स्थानीय व्यापारियों, समाजसेवियों और तत्कालीन प्रशासन के सहयोग से भोटिया व्यापार मेले के रूप में हुई थी। उस दौर में गौचर भारत-तिब्बत व्यापार का एक महत्वपूर्ण केंद्र हुआ करता था। यहां ऊन, पश्मीना, जड़ी-बूटियों और विभिन्न स्थानीय उत्पादों का व्यापार होता था।
समय के साथ इस मेले ने अपना स्वरूप बदला और आज यह औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक मेले के रूप में प्रदेश ही नहीं, बल्कि देशभर में अपनी अलग पहचान बना चुका है।
अब अगले सात दिनों तक गौचर में व्यापार, उद्योग, लोक संस्कृति और मनोरंजन का संगम देखने को मिलेगा।










