कोटद्वार में भालू का खूनी हमला! घास लेने जंगल गई आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अंजना देवी की मौत, गांव में पसरा मातम
उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां दुगड्डा ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम चरेख में भालू के हमले ने एक महिला की जान ले ली। जंगल में घास लेने गई महिला पर अचानक भालू ने हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
मृतका की पहचान ग्राम चरेख निवासी अंजना देवी, पत्नी बनवीर सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, शनिवार दोपहर अंजना देवी गांव के समीप जंगल में घास लेने गई हुई थीं। इसी दौरान अचानक भालू ने उन पर हमला कर दिया।
मौके पर मौजूद अन्य महिलाओं ने जब यह मंजर देखा तो उन्होंने शोर मचाते हुए भालू को भगाने की कोशिश की। महिलाओं ने भालू की ओर पत्थर भी फेंके, जिसके बाद भालू जंगल की तरफ चला गया। लेकिन तब तक अंजना देवी गंभीर रूप से घायल हो चुकी थीं।
इसके बाद घायल महिला को उपचार के लिए राजकीय बेस चिकित्सालय कोटद्वार ले जाया जा रहा था। लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। पूर्व ग्राम प्रधान नंदन सिंह रावत ने भी महिला की मौत की पुष्टि की है।
बताया जा रहा है कि अंजना देवी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता थीं। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है।
इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। वहीं, क्षेत्र में भालू के हमले से लोगों में दहशत बनी हुई है।










