डीबीएस पीजी कॉलेज विवाद ने लिया उग्र रूप, छात्रों के कमरों तक पहुंची रार; दो युवकों से मारपीट और जबरन ले जाने का आरोप
डीबीएस पीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के बाद शुरू हुआ एनएसयूआई और एबीवीपी का विवाद अब कॉलेज परिसर से निकलकर छात्रों के कमरों तक पहुंच गया है।
रायपुर थाने में दर्ज प्राथमिकी के मुताबिक, बृहस्पतिवार रात करीब 10 बजे अपर आमवाला-मयूर विहार क्षेत्र स्थित एक कमरे में कुछ युवक पहुंचे। आरोप है कि कमरे में सो रहे दो युवकों के साथ लात-घूंसों और डंडों से मारपीट की गई और फिर दोनों को अलग-अलग दोपहिया वाहनों पर जबरन बैठाकर ले जाया गया।
शिकायतकर्ता राहुल धानिक के अनुसार, वह ध्रुव धपवाल के साथ डीबीएस छात्रसंघ अध्यक्ष अभिनव कफलिया के कमरे में सो रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान हिमांशु कुमार, योगेश घाघट, मनवीर नेगी, सुजीत थापा, राहुल और मोनू सरदार कुछ अन्य युवकों के साथ वहां पहुंचे और दोनों के साथ मारपीट की।
एबीवीपी कार्यालय ले जाने का आरोप
प्राथमिकी के अनुसार, इसके बाद मनवीर नेगी और योगेश राहुल को एक एक्टिवा पर बैठाकर ले गए, जबकि हिमांशु और सुजीत दूसरी एक्टिवा से ध्रुव को ले गए।
राहुल का आरोप है कि उसे करनपुर में बेहोशी की हालत में छोड़ दिया गया। वहीं, ध्रुव को कथित तौर पर करनपुर स्थित एबीवीपी के प्रदेश कार्यालय ले जाया गया, जहां उसके साथ मारपीट किए जाने का आरोप है।
मामले में रायपुर थाने में बृहस्पतिवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अब मामले में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।








