हेमकुंड साहिब यात्रा का अंतिम पड़ाव, 10 अक्टूबर को बंद होंगे कपाट; 3.58 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
हेमकुंड साहिब की इस वर्ष की यात्रा अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है। 10 अक्टूबर को हेमकुंड साहिब के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। यात्रा समाप्त होने से पहले धाम में मत्था टेकने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ रही है।
10 अक्टूबर को हेमकुंड साहिब में वर्ष की अंतिम अरदास होगी। इसके बाद गुरुद्वारा साहिब के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के प्रबंधक सेवा सिंह के अनुसार, कपाट बंद करने को लेकर गुरुद्वारा प्रबंधन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
इस साल हेमकुंड साहिब पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या ने पिछले सभी रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए हैं। अब तक 3 लाख 58 हजार से अधिक श्रद्धालु पवित्र धाम में मत्था टेक चुके हैं। पिछले वर्ष के मुकाबले इस बार श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
यात्रा के अंतिम दिनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु हेमकुंड साहिब पहुंच रहे हैं और कपाट बंद होने से पहले दर्शन कर रहे हैं।








