मसूरी में विंटर लाइन का अद्भुत नजारा, सूर्यास्त के समय आसमान में बिखरे प्रकृति के रंग, पर्यटक कैमरों में कैद कर रहे खूबसूरत पल!
पहाड़ों की रानी मसूरी इन दिनों प्रकृति के एक बेहद खूबसूरत नजारे की वजह से पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित कर रही है। जी हां, यहां सूर्यास्त के समय आसमान में दिखाई देने वाली विंटर लाइन की रंगीन छटा हर किसी को मंत्रमुग्ध कर रही है। क्षितिज पर लाल, नारंगी और सुनहरे रंगों की खूबसूरत पट्टी ऐसी दिखाई देती है, मानो प्रकृति ने आसमान पर रंगों की चादर बिछा दी हो।
इस अद्भुत नजारे को देखने के लिए पर्यटक माल रोड पर कुछ पल ठहर रहे हैं और अपने कैमरों व मोबाइल में इन खूबसूरत लम्हों को कैद कर रहे हैं। खास बात यह है कि विंटर लाइन मसूरी की विशिष्ट प्राकृतिक पहचान मानी जाती है और हर साल सर्दियों के मौसम में यहां दिखाई देती है।
दरअसल, सूर्यास्त के समय दून घाटी के आसमान में उभरने वाली यह रंगीन पट्टी सामान्यतः नवंबर से फरवरी के बीच नजर आती है। यह नजारा करीब 15 से 20 मिनट तक रहता है, लेकिन इतने कम समय में ही पर्यटकों को प्रकृति की खूबसूरती का अद्भुत एहसास करा जाता है।
मसूरी के माल रोड के अलावा लालटिब्बा, गनहिल, विंसेट हिल, सिस्टर बाजार, राधा भवन स्टेट, सर्कुलर रोड और कुलड़ी जैसे स्थानों से भी विंटर लाइन का दीदार किया जा सकता है। मसूरी के अलावा दुनिया में स्विट्जरलैंड भी इस प्राकृतिक नजारे के लिए जाना जाता है।
कुल मिलाकर, सर्दियों की दस्तक के साथ मसूरी का यह रंगीन आसमानी नजारा पर्यटकों के लिए किसी खूबसूरत तोहफे से कम नहीं है।










