मां के घर से लाखों के जेवर चोरी कर राजस्थान भागा बेटा, पुलिस ने दबोचा
उत्तराखंड के बालासौड़ में एक बेटे ने अपनी ही मां के घर से लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए और वारदात के बाद राजस्थान फरार हो गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आरोपी को जयपुर से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के कब्जे से करीब 20 लाख रुपये कीमत के 10.50 तोला सोने और 891 ग्राम चांदी के जेवर बरामद किए गए हैं।
बालासौड़ निवासी अनीता देवी ने 5 अक्टूबर को कोतवाली कोटद्वार में तहरीर देकर घर से सोने-चांदी के जेवर चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देश पर एएसपी कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर और सीओ कोटद्वार अस्मिता ममगाईं के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसके साथ ही संभावित रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। जांच के दौरान चोरी में शिकायतकर्ता के बेटे दीपांशु राजपूत की भूमिका सामने आई।
इसके बाद तकनीकी साक्ष्यों और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के जरिए पुलिस को आरोपी के राजस्थान में होने की जानकारी मिली। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दीपांशु राजपूत को झालूपुरा, जयपुर से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने व्यक्तिगत जरूरतों और अपने शौक पूरे करने के लिए मां के जेवर चोरी किए थे। वारदात के बाद वह जेवर लेकर राजस्थान भाग गया था।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया है।









