चिन्यालीसौड़ में रिश्तों का खौफनाक अंत, भतीजे की पत्नी को ले जाने वाले व्यक्ति की पीटकर हत्या; 4 पर केस
उत्तराखंड के चिन्यालीसौड़ के बधाण गांव से रिश्तों को झकझोर देने वाली हत्या की घटना सामने आई है। आरोप है कि अवैध संबंधों के विवाद में एक 35 वर्षीय व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मामले में मृतक के रिश्ते के भतीजे और उसके तीन दोस्तों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, बधाण गांव निवासी रोशनलाल (35) बीती 28 सितंबर को अपने रिश्ते के भतीजे की पत्नी को लेकर चला गया था। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने दोनों को चिन्यालीसौड़ से हिरासत में लिया था। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ, जिसके तहत महिला अपने प्रेमी के साथ रहने और पति से कानूनी तलाक लेने पर सहमत हुई थी।
बीते शनिवार को दोनों पक्ष तलाक की कानूनी प्रक्रिया के लिए न्यायालय पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान विवाद बढ़ गया और रोशनलाल के साथ मारपीट की गई।
गंभीर रूप से घायल रोशनलाल को आरोपी जिला अस्पताल में छोड़कर फरार हो गए। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों की तहरीर पर नगर कोतवाली में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। नगर कोतवाल दिनेश कुमार के अनुसार, मामले की जांच जारी है और जीरो एफआईआर को धरासू थाने में स्थानांतरित कर दिया गया है।











