दीपावली पर उत्तराखंड के पहाड़ों में बदलेगा मौसम! 5 जिलों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का अलर्ट, घाटियों में छाएगा कोहरा
दीपावली के दिन उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदल सकता है। मौसम विभाग ने प्रदेश के पांच पहाड़ी जिलों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, 3300 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी के आसार हैं।
हालांकि, प्रदेश के बाकी जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। मौसम में इस बदलाव के बीच पर्वतीय क्षेत्रों की घाटियों में कहीं-कहीं हल्का से मध्यम कोहरा भी छा सकता है। इसके चलते सुबह और देर शाम के समय दृश्यता प्रभावित होने की आशंका है।
ऐसे में दीपावली के दौरान पहाड़ों की यात्रा करने वाले लोगों को मौसम का पूर्वानुमान देखकर ही अपनी यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी जाती है।











