देहरादून में सड़क पार कर रही 55 वर्षीय महिला को दो बाइकों ने मारी टक्कर! अस्पताल पहुंचते ही थमी सांसें, दोनों बाइक चालक पुलिस हिरासत में
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहां सड़क पार कर रही 55 वर्षीय महिला को दो बाइकों ने टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं और अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, रविवार रात करीब 9:30 बजे पटेलनगर में सड़क हादसे की सूचना पुलिस को मिली। इसके बाद चीता पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। जांच में महिला की पहचान इशरत पत्नी नाजिम, निवासी वाल्मीकि बस्ती संजय कॉलोनी, पटेलनगर के रूप में हुई।
बताया जा रहा है कि इशरत पैदल सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान वह स्प्लेंडर बाइक की चपेट में आ गईं। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं। बाइक कृष्ण, उम्र 18 वर्ष, निवासी लोहियानगर और रजत, निवासी ब्रह्मपुरी चला रहे थे।
पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से घायल महिला को इंद्रेश अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वहीं, पुलिस ने दोनों बाइक चालकों को हिरासत में लेकर दुर्घटना में शामिल वाहनों को कब्जे में ले लिया है। खबर लिखे जाने तक मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई थी। थाना प्रभारी नरेश राठौर के मुताबिक, शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस हादसे के बाद महिला के परिवार में दुख का माहौल है।










