चकराता में बर्फबारी का इंतजार, 6 डिग्री पहुंचा तापमान; पर्यटकों से गुलजार होने लगे पहाड़
उत्तराखंड में सर्दियों ने दस्तक दे दी है और अब पर्यटकों को इंतजार है पहाड़ों पर होने वाली पहली बर्फबारी का। खासकर चकराता में बर्फ गिरने की उम्मीद ने सैलानियों के उत्साह को बढ़ा दिया है। यहां न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है और नवंबर के आखिरी दिनों या दिसंबर की शुरुआत में बर्फबारी होने की संभावना जताई जा रही है।
फिलहाल पर्यटक चकराता के छावनी बाजार से ही हिमालय की बर्फ से ढकी चोटियों का दीदार कर रहे हैं। लेकिन उनकी निगाहें उस पल पर टिकी हैं, जब चकराता की पहाड़ियां भी बर्फ की सफेद चादर से ढक जाएंगी।
इन दिनों चकराता में दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और देहरादून समेत कई मैदानी क्षेत्रों से पर्यटक पहुंच रहे हैं। बर्फबारी की संभावना को देखते हुए लोग वीकेंड पर यहां घूमने का प्लान बना रहे हैं। ठंडा मौसम, देवदार के घने जंगल और हिमालय की खूबसूरत चोटियां पर्यटकों को खूब आकर्षित कर रही हैं।
वहीं, बर्फबारी की उम्मीद ने पर्यटन कारोबारियों के चेहरे भी खिला दिए हैं। होटल, रिसोर्ट, कैंप और होम स्टे संचालकों को आने वाले वीकेंड और दिसंबर महीने में पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।
कारोबारियों के मुताबिक, बर्फबारी होते ही पर्यटकों का रुख चकराता के अलावा लोखंडी, कोटी-कनासर और देववन की ओर भी बढ़ जाता है। इससे होटल, खानपान और स्थानीय बाजार के कारोबार को अच्छा फायदा मिलता है।
खास बात यह है कि पर्यटक यहां की प्राकृतिक खूबसूरती के साथ-साथ जौनसार-बावर के पारंपरिक उत्पादों में भी दिलचस्पी दिखा रहे हैं। राजमा, गहत, उड़द और मंडुवा जैसी स्थानीय दालों की खरीदारी भी खूब हो रही है।
यानी चकराता में बर्फबारी का इंतजार सिर्फ पर्यटकों को ही नहीं, बल्कि स्थानीय कारोबारियों को भी है। अब देखना होगा कि पहाड़ों पर बर्फ की सफेद चादर कब बिछती है।










