श्रीनगर में अगले साल तक पहुंचेगी रेल! 200 करोड़ की सीवर योजना और 24 घंटे पानी की तैयारी
उत्तराखंड के श्रीनगर से विकास को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। बैकुंठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी के शुभारंभ अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शहर के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं और सरकार की उपलब्धियों का जिक्र किया।
कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि बैकुंठ चतुर्दशी मेला उत्तराखंड के पांच बड़े मेलों में शामिल है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले वर्ष तक श्रीनगर में रेल पहुंच जाएगी। उन्होंने कहा कि शहर की प्रमुख समस्याओं के समाधान के लिए लगातार काम किया जा रहा है।
डॉ. रावत ने बताया कि श्रीनगर में अब UPSC परीक्षाओं के आयोजन की सुविधा उपलब्ध है। इसके अलावा भाजपा सरकार के कार्यकाल में यहां पासपोर्ट कार्यालय भी खोला गया है। वहीं, एनआईटी उत्तराखंड के स्थायी परिसर का निर्माण भी लगभग पूरा हो चुका है।
शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए पेयजल और सीवरेज से जुड़ी बड़ी योजनाओं पर भी काम चल रहा है। शुद्ध पेयजल की 24 घंटे आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए 70 करोड़ रुपये की योजना पर काम किया जा रहा है। वहीं, पूरे श्रीनगर में करीब 200 करोड़ रुपये की लागत से सीवर लाइन बिछाने की योजना की डीपीआर तैयार हो चुकी है।
इसके अलावा डिग्री कॉलेज के निर्माण के लिए भूमि संबंधी प्रक्रिया का भी निस्तारण कर लिया गया है। डॉ. धन सिंह रावत ने बैकुंठ चतुर्दशी मेले के सफल आयोजन के लिए सरकार से सहयोग की अपेक्षा जताई।
वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बैकुंठ चतुर्दशी मेले के धार्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस मेले में हर कोई नहीं पहुंच पाता। जिस पर कमलेश्वर महादेव की कृपा होती है, वही यहां पहुंचता है।
कुल मिलाकर बैकुंठ चतुर्दशी मेले के मंच से श्रीनगर के विकास, रेल कनेक्टिविटी, पेयजल, सीवरेज और शिक्षा से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं को लेकर सरकार ने अपनी प्राथमिकताएं सामने रखीं।











